•15 मई से शुरू होगा संचालन; बस्ती, गोंडा व लखनऊ समेत कई स्टेशनों पर होगा ठहराव।
गोरखपुर। गर्मी के मौसम में बढ़ती यात्री भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने मुम्बई और गोरखपुर के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन द्वारा 01079/01080 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (मुम्बई)-गोरखपुर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (मुम्बई) ग्रीष्मकालीन विशेष गाड़ी का संचालन निर्धारित अवधि में प्रतिदिन किया जाएगा।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह विशेष ट्रेन मुम्बई से 15 मई से 15 जुलाई 2026 तक तथा गोरखपुर से 17 मई से 17 जुलाई 2026 तक चलाई जाएगी। कुल 62 फेरों के साथ यह सेवा यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
01079 मुम्बई-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन प्रतिदिन रात 22:30 बजे मुम्बई से रवाना होकर दादर, ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, भुसावल, इटारसी, भोपाल, झांसी, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा और बस्ती जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए तीसरे दिन सुबह 10:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वापसी में 01080 गोरखपुर-मुम्बई स्पेशल ट्रेन 17 मई से प्रतिदिन दोपहर 14:30 बजे गोरखपुर से प्रस्थान कर खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, लखनऊ, कानपुर, झांसी, भोपाल, इटारसी, भुसावल और नासिक रोड होते हुए तीसरे दिन मुम्बई पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार, इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, शयनयान, सामान्य द्वितीय श्रेणी और एसएलआर कोच शामिल रहेंगे।
