बस्ती। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सोनहा पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को एसडीएम भानपुर हिमांशु कुमार अपनी टीम के साथ तथा थानाध्यक्ष सोनहा महेश सिंह पुलिस बल के साथ अवैध खनन की रोकथाम के लिए क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान ग्राम धवाय में अवैध रूप से खनन कार्य करते हुए एक जेसीबी (संख्या यूपी 51BT0937) और मिट्टी लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर पकड़ा गया।
संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी अभियान जारी रहेगा।
