लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज अलीगंज स्थित अपर महाअधिवक्ता विनोद शाही के आवास पहुंचकर उनके पुत्र जयंत शाही के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। अखिलेश यादव ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर इस दुखद घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
अखिलेश यादव ने कहा कि जयंत शाही का असमय निधन अत्यंत पीड़ादायक है और इस क्षति की भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस कठिन समय में शाही परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने विनोद शाही से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर संवेदना व्यक्त की और परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।
उल्लेखनीय है कि विनोद शाही के पिता के.डी. शाही उच्च न्यायालय के न्यायाधीश रहे हैं और शाही परिवार का विधि जगत में सम्मानजनक स्थान रहा है।
अखिलेश यादव के साथ इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविन्द सिंह गोप, वरिष्ठ नेता राजेन्द्र चौधरी तथा पूर्व मंत्री जावेद आब्दी भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दुख की इस घड़ी में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।
