
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में किसान और नौजवान दोनों ही परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने किसानों से किए गए वादे पूरे नहीं किए हैं और गन्ना किसानों का पूरा भुगतान अब तक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगपतियों से मिली हुई है और यही कारण है कि किसानों की उपेक्षा हो रही है। समाजवादी पार्टी भाजपा सरकार को हटाने के लिए संघर्ष कर रही है और किसानों से सहयोग की अपील की है।
प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की तमाम विफलताओं का खुलकर विरोध किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश का हर क्षेत्र बर्बाद कर दिया है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है, भ्रष्टाचार चरम पर है और प्रदेश में हर दिन हत्याएं हो रही हैं। साइबर क्राइम और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं में उत्तर प्रदेश देश में सबसे ऊपर है।अखिलेश यादव ने प्रदेश में हाल के दिनों में सोने के कारोबार से जुड़े लोगों पर हो रही हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले कुछ समय में 15 सोनारों की हत्याएं हुई हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सहारनपुर से सोनभद्र तक खनिजों की लूट जारी है और जल जीवन मिशन के नाम पर भारी भ्रष्टाचार हुआ है। टंकियां गिर रही हैं और पानी कहीं नहीं पहुंच रहा। इसके साथ ही उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर भी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया, जहां सड़कों में जगह-जगह गड्ढे हो रहे हैं और सड़क धंस रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार रोजगार के अवसर पैदा करने में पूरी तरह नाकाम रही है। बड़े प्रोजेक्ट बनाए जा रहे हैं, लेकिन वे भ्रष्टाचार का माध्यम बन गए हैं। उन्होंने भाजपा पर गरीबों को शिक्षा से दूर करने की साजिश का भी आरोप लगाया और कहा कि प्राइमरी स्कूल बंद किए जा रहे हैं ताकि गरीब बच्चे पढ़ाई से वंचित रह जाएं।उन्होंने कहा कि भाजपा उन्हीं स्कूलों को बंद कर रही है जहां उसके चुनाव हारने की संभावना अधिक है। समाजवादी पार्टी 15 अगस्त को इन स्कूलों वाले गांवों में जाकर स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराएगी और लोगों को भाजपा की इस साजिश के प्रति जागरूक करेगी।
भाषा विवाद पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी भारतीय भाषाओं के पक्ष में है। हिंदी, मराठी, तमिल, कन्नड़, उर्दू समेत सभी भाषाओं का सम्मान होना चाहिए। वे कहते हैं कि भाजपा राजनीतिक लाभ के लिए भाषा विवाद को बनाए रखना चाहती है।
अखिलेश यादव ने चुनावी प्रक्रियाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा वोटर लिस्ट में हर चुनाव में धांधली करती है और हर बार नई बेईमानी करती है। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे वोटर लिस्ट सही कराने का काम करें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद आनन्द भदौरिया, बाबू सिंह कुशवाहा, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं एमएलसी राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक ओम प्रकाश सिंह, पूर्व विधायक अनूप गुप्ता, पूर्व एमएलसी अरुण शंकर शुक्ला अन्ना, पूर्व विधायक मोहम्मद अशरफ खां सहित कई अन्य नेता मौजूद थे।
——————————–