लखनऊ/नोएडा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नोएडा-दादरी स्थित सम्राट मिहिर भोज कॉलेज मैदान में आयोजित समाजवादी समानता भाईचारा रैली को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और वर्ष 2027 में प्रदेश में बदलाव का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के फैसलों से जनता को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है और महंगाई, बेरोजगारी तथा किसानों की समस्याओं पर सरकार गंभीर नहीं है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि किसानों की जमीन लेने के बावजूद उन्हें बाजार दर के अनुरूप मुआवजा नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर किसानों को उनकी जमीन का बाजार भाव से मुआवजा दिया जाएगा और पूर्व की तरह 64 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा तथा 4 प्रतिशत विकसित प्लॉट देने की व्यवस्था फिर लागू की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि गांवों को अर्बन यूनिट के रूप में अधिकार देकर विकास को नई दिशा दी जाएगी।रैली में उन्होंने कहा कि प्रदेश में नौजवानों के सामने रोजगार का संकट गहराता जा रहा है और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है।
समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं की शिक्षा और प्रशिक्षण को मजबूत किया जाएगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पेंशन योजना को पुनः शुरू किया जाएगा और स्त्री सम्मान समृद्धि योजना लागू कर महिलाओं को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
अखिलेश यादव ने पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि सामाजिक न्याय स्थापित करने के लिए सभी वर्गों को एक साथ आना होगा। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय की स्थापना समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता है।
उन्होंने भाजपा पर संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए जनता से सतर्क रहने की अपील की।रैली के दौरान उन्होंने गुर्जर सम्राट मिहिर भोज को नमन करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर राजधानी लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और क्षेत्रीय नायकों की प्रतिमाएं स्थापित कर स्मारक बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह रैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और सम्मान की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प है।समाजवादी समानता भाईचारा रैली में बड़ी संख्या में किसान, नौजवान, महिलाएं और विभिन्न वर्गों के लोगों की भागीदारी रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद हरीश पाल ने की, जबकि संयोजन वरिष्ठ नेता राजकुमार भाटी ने किया। रैली को नेता विरोधी दल विधानसभा माता प्रसाद पाण्डेय, सांसद धर्मेन्द्र यादव, सांसद इकरा हसन, सांसद हरेन्द्र मलिक, विधायक अतुल प्रधान तथा अन्य कई नेताओं ने भी संबोधित किया।
