👉 श्रद्धालुओं की कम आमद से बाजारों में मायूसी, व्यापारियों को सीजन से उम्मीद।
रिपोर्ट: अरविंद गोयल।
हरिद्वार। उत्तराखंड में बहुप्रतीक्षित चार धाम यात्रा के शुभारंभ के साथ ही हरिद्वार का पर्यटन और धार्मिक सीजन भी शुरू हो गया है। हर साल की तरह इस बार भी व्यापारियों को अच्छी भीड़ और बेहतर कारोबार की उम्मीद थी, लेकिन सीजन की शुरुआत में ही बाजारों में सुस्ती देखने को मिल रही है।
बताया जा रहा है कि इस वर्ष श्रद्धालु तीर्थ यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम है, जिसका सीधा असर स्थानीय व्यापार पर पड़ रहा है। होटल, दुकानों और अन्य व्यवसाय से जुड़े लोग ग्राहकों की कमी के कारण मायूस नजर आ रहे हैं।
आमतौर पर हरिद्वार में चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले ही देश-विदेश से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाता है, जिससे बाजारों में रौनक बढ़ जाती है। लेकिन इस बार शुरुआती दिनों में वैसी भीड़ देखने को नहीं मिल रही, जिससे व्यापारियों के चेहरों पर चिंता साफ झलक रही है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी होती है, तो कारोबार में सुधार की उम्मीद की जा सकती है। फिलहाल सभी की नजरें यात्रा के आगे बढ़ने के साथ संभावित भीड़ पर टिकी हुई हैं।
