झांसी। झांसी के कोतवाली इलाके के सराफा बाजार में सेंट्रल GST (CGST) की टीम ने एक ज्वेलरी शोरूम पर छापा मारा है। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे CGST अधिकारी जयप्रकाश अग्रवाल के शोरूम पहुंचे और दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
छापे के दौरान शोरूम के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे जांच के समय कोई बाहरी व्यक्ति अंदर न जा सके। टीम शोरूम से लेकर सभी लेन-देन और रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेजों की छानबीन कर रही है। वहीं, शोरूम के बाहर सराफा बाजार में व्यापारियों और खरीदारों की भीड़ जमा हो गई।
अधिकारियों ने पहले किया था मुआयना:- सराफा बाजार में राज्य और केंद्रीय कर विभाग लगातार छापेमारी की कार्रवाई कर रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को सेंट्रल जीएसटी की टीम में शामिल आठ अधिकारी व्यापारी जयप्रकाश अग्रवाल के ज्वेलरी शोरूम पर पहुंचे। कस्टमर बनकर आए अधिकारियों ने पहले शोरूम का मुआयना किया और फिर बाहर पुलिस जवानों को तैनात कर छापेमारी शुरू कर दी। इससे शो रूम में हड़कंप की स्थिति बन गई। अधिकारियों ने सभी दस्तावेज कब्जे में लेकर स्टॉक से उनका मिलान शुरू कर दिया है।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक अधिकारी यह स्पष्ट नहीं किये थे कि टैक्स चोरी की राशि कितनी है। खबर लिखे जाने तक CGST की जांच कार्रवाई जारी है।
सराफा बाजार में 10 दिन में दूसरा छापा सेंट्रल और स्टेट जीएसटी इस समय सराफा बाजार के व्यापारियों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। बता दें कि आठ दिन पहले स्टेट जीएसटी की टीम ने सराफा बाजार के गंदीगर टपरा स्थित ‘जेवर कोठी’ नाम के शोरूम पर छापा मारा था, जहां से बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी का मामला सामने आया था। उस प्रकरण की जांच भी अभी जारी है।
