श्योपुर (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से एक बार फिर वन्यजीव प्रेमियों के लिए खुशखबरी सामने आई है। यहां मादा चीता ज्वाला ने पांच शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 53 हो गई है।
इस संबंध में मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा की। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर लिखा कि कूनो नेशनल पार्क से फिर एक सुखद समाचार मिला है। मादा चीता ज्वाला ने पांच शावकों को जन्म दिया है, जो प्रोजेक्ट चीता के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन नए शावकों के जन्म के साथ भारत में चीतों की संख्या अर्धशतक का आंकड़ा पार कर 53 तक पहुंच गई है। उन्होंने इसे वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह भारत में चीतों की पुनर्स्थापना के प्रयासों की सफलता का मजबूत प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें मादा चीता ज्वाला अपने पांच नवजात शावकों के साथ दिखाई दे रही है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शावकों और उनकी मां की निगरानी की जा रही है तथा सभी स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि कूनो नेशनल पार्क में प्रोजेक्ट चीता के तहत नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से चीतों को लाकर बसाया गया है, ताकि भारत में इस विलुप्तप्राय प्रजाति को दोबारा स्थापित किया जा सके।
