महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन बहुउद्देशीय हॉल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर कार्य की स्थिति का अवलोकन करते हुए निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने तथा कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों व कार्यदायी संस्था को दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में आवश्यकतानुसार संसाधनों की संख्या बढ़ाकर कार्य की गति तेज करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न किया जाए और निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।
बताया गया कि लगभग 721 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें मुख्य हॉल के साथ शौचालय, सड़क एवं अन्य सहायक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इस परियोजना की कुल लागत लगभग 15 करोड़ 16 लाख रुपये है। निर्माण कार्य दिसंबर माह से शुरू हो चुका है और इसकी प्रस्तावित पूर्णता तिथि अप्रैल 2027 निर्धारित की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह बहुउद्देशीय हॉल भविष्य में विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों, बैठकों और अन्य आयोजनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। इसलिए परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।
