मोदीपुरम। मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपहरण और लूट का आरोप लगाया है। छिलोरा गांव निवासी रॉकी ने बताया कि तीन युवकों ने पिस्तौल दिखाकर खुद को एसओजी कर्मी बताकर उसका और उसके दोस्त गौरव का अपहरण किया। आरोपियों ने दोनों से 80 हजार रुपए और मोबाइल फोन लूट लिए।
रॉकी के अनुसार, वह अपने दोस्त गौरव (निवासी मवी मीरा, दौराला) के साथ गंगासागर गेट पर खड़ा था। तभी एक अल्टो कार में तीन युवक आए, जिनमें से एक रॉकी का परिचित था। आरोपियों ने उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर खरखोदा की तरफ ले गए। खरखोदा पहुंचने पर आरोपियों ने दोनों से बियर खरीदने के लिए कहा।
इसके बाद, वे उन्हें जंगल में ले गए और वहां मारपीट कर रॉकी के पास रखे लगभग 80 हजार रुपये और दोनों के मोबाइल फोन छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जंगल में छोड़कर फरार हो गए।
रॉकी किसी तरह अपने घर पहुंचा। परिजनों के बार-बार पूछने पर उसने पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन रॉकी को लेकर पहले गंगानगर थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने इसे भावनपुर थाना क्षेत्र का मामला बताया। फिर वे भावनपुर थाने गए और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।
इस मामले पर सीओ सदर देहात शिव प्रताप ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
