लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व और पार्टी की नीतियों में विश्वास जताते हुए कई प्रमुख नेताओं, शिक्षकों और बुद्धिजीवियों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान सभी ने एकजुट होकर वर्ष 2027 में समाजवादी सरकार बनाने का संकल्प लिया।
लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने नए साथियों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि समाजवादी विचारधारा से जुड़ने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी की एकजुटता और मेहनत से वर्ष 2027 में भाजपा सत्ता से बाहर होगी और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से अधिवक्ता रोहित कुमार पाण्डेय शामिल हैं, जो संतकबीर नगर से कांग्रेस के चुनाव चिन्ह पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। इसके अलावा सीमा सुरक्षा बल के पूर्व डीआईजी राम सलत राम तथा मुजफ्फरनगर के अंकित सिंह ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में प्रगतिशील शिक्षक एवं प्रबुद्ध समाज मंच से जुड़े प्रयागराज, लखनऊ, इटावा, लखीमपुर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, कौशांबी, आजमगढ़, संतकबीरनगर, ललितपुर, कानपुर नगर, कुशीनगर, गोरखपुर ग्रामीण और नगर, अंबेडकर नगर, सिद्धार्थनगर तथा लखनऊ इकाइयों के अनेक शिक्षकों और बुद्धिजीवियों ने भी बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी का दामन थामा।
बताया गया कि विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव के विशेष प्रयासों से प्रगतिशील शिक्षक एवं प्रबुद्ध समाज मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने समाजवादी पार्टी में शामिल होकर पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर शामिल हुए सभी लोगों ने समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने और प्रदेश में सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए मिलकर काम करने का संकल्प व्यक्त किया।
