बस्ती। बीएसए कार्यालय परिसर में रविवार को जनपद स्तरीय रसोइया पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ब्लॉकों और नगर क्षेत्र से कुल 30 रसोइयों ने प्रतिभाग कर अपनी पाक कला का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तथा जिला समन्वयक (मध्यान्ह भोजन) अमित कुमार मिश्र ने मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र का बुके और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।
प्रतियोगिता में कुल 14 ब्लॉकों और नगर क्षेत्र के रसोइयों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के लिए व्यंजन का चयन लॉटरी के माध्यम से निर्णायक समिति में शामिल बच्चों द्वारा किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों को मौसमी सब्जी और सोयाबीन युक्त तहरी बनाने का कार्य दिया गया।
निर्णायक मंडल में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, गृह विज्ञान प्रवक्ता, प्रतिष्ठित होटल के एक कुक, जिला महिला चिकित्सालय के स्वास्थ्य अधिकारी तथा नगर क्षेत्र बस्ती के राजकीय आदर्श पूर्व माध्यमिक विद्यालय के 20 छात्र-छात्राएं शामिल रहे। निर्णायकों और बच्चों ने भोजन के स्वाद, गुणवत्ता और बनाने की विधि के आधार पर परिणाम घोषित किए।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—
प्रथम स्थान: इंदू देवी (प्राथमिक विद्यालय बैड़ारी एहतमाली, कुदरहा)
द्वितीय स्थान: पूजा (प्राथमिक विद्यालय गन्धरिया गजराज, साऊंघाट)
तृतीय स्थान: पुष्पा (उच्च प्राथमिक विद्यालय महुआ लखनपुर, कप्तानगंज)
विजेताओं को प्रथम पुरस्कार 3500 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 2500 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 1500 रुपये प्रदान किए गए। अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 300-300 रुपये दिए गए। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और आवागमन भत्ता भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजेश कुमार मिश्र ने किया।
इस अवसर पर विनय चौधरी, अनूप कुशवाहा, अर्पणा भरद्वाज, विनोद कुमार त्रिपाठी, अमृता सिंह, डॉ. संतोष कुमार मौर्य, स्वप्निल श्रीवास्तव, आलोक त्रिपाठी, सत्येन्द्र चन्द्र श्रीवास्तव, रविशंकर मिश्र, बब्बन पाण्डेय, उमाशंकर पाण्डेय, संतोष पाण्डेय, अनिल कुमार पाण्डेय, प्रवीण श्रीवास्तव, गौरव त्रिपाठी, सिद्धान्त कुमार, वीरेन्द्र कुमार शुक्ल, अनिल यादव, रामकृष्ण सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
