लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अपने मऊ भ्रमण के दौरान देर रात तमसा नदी स्थित हनुमान घाट पर निर्मित हनुमान सेतु पीपा पुल का विधिवत लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य रूप प्रदान किया।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ए.के. शर्मा ने क्षेत्र की जनता को बधाई देते हुए कहा कि यह पीपा पुल केवल एक अस्थायी व्यवस्था नहीं है, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक मजबूत शुरुआत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता इस स्थान पर शीघ्र ही एक स्थायी एवं मजबूत पक्का पुल का निर्माण कराना है, जिससे आने वाले वर्षों में क्षेत्र के लोगों को और अधिक सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि इस पुल के बन जाने से लगभग 30 हजार से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए आवागमन अब बेहद सरल और सुगम हो जाएगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य तथा व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी मजबूती प्रदान करेगा।
अपने संबोधन में ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि विकास की रोशनी अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में इस क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति तथा बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नगर विकास विभाग द्वारा स्थापित आधुनिक स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता की सराहना मुख्यमंत्री द्वारा भी की गई है, जो विभाग के कार्यों की पारदर्शिता और गुणवत्ता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि जो क्षेत्र अब तक विकास से अछूते रह गए थे, वहां भी तेजी से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को हर नागरिक तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने मंत्री ए.के. शर्मा का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में विकास की नई गति आई है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
