महराजगंज। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन दहन’ के अंतर्गत महराजगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद के चार थानों से जब्त भारी मात्रा में मादक पदार्थों का विधिवत निस्तारण किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना सिन्दुरिया, ठूठीबारी, कोल्हुई और नौतनवा से जुड़े कुल 13 अभियोगों में जब्त 96.301 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ (चरस, गांजा और हेरोइन) को नष्ट किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.36 करोड़ रुपये बताई गई है।
यह पूरी प्रक्रिया न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नौतनवा स्थित ए.वी. बायोमेडिकल वेस्ट सर्विसेज में संपन्न कराई गई। मादक पदार्थों को पर्यावरण मानकों का पालन करते हुए उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर के माध्यम से जलाकर नष्ट किया गया। इस दौरान पूरी कार्रवाई क्षेत्राधिकारी फरेन्दा की मौजूदगी में गठित कमेटी की निगरानी में पारदर्शी ढंग से पूरी की गई।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि ‘ऑपरेशन दहन’ के माध्यम से जनपद में अवैध नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के जरिए महराजगंज पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में नशे का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
