महराजगंज। पूरे देश में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए केंद्रीय कानून बनाने की मांग को लेकर आज गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत जनपद महाराजगंज के निचलौल तहसील में प्रार्थना पत्र सौंपा गया। यह अभियान वृंदावन के संतों के आह्वान पर देशभर के 700 जिलों की 5000 से अधिक तहसीलों में चलाया जा रहा है।
निचलौल में दामोदरी पोखरा के पास बड़ी संख्या में गौ सेवक, गौ प्रेमी, संत समाज एवं आमजन एकत्रित हुए। यहां से संत श्री बालक दास जी एवं संत श्री ब्रह्मानंद जी गिरी के नेतृत्व में भजन-कीर्तन करते हुए संकीर्तन रैली निकाली गई, जो शांतिपूर्वक तहसील परिसर पहुंची। रैली के माध्यम से उपजिलाधिकारी निचलौल को ज्ञापन सौंपा गया।
अभियान के जिला प्रभारी योगेश जायसवाल ने बताया कि इस प्रार्थना पत्र के माध्यम से माननीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल को देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग भेजी जा रही है। साथ ही, गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने, गौशाला मंत्रालय के गठन तथा गौवंश के लिए उचित चारा व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
उन्होंने बताया कि जनपद महाराजगंज की चारों तहसीलों से हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसके तहत एकत्रित हस्ताक्षरों को भी प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न किया गया है। निचलौल तहसील में कुल 4664 हस्ताक्षर एकत्र कर ज्ञापन के साथ प्रेषित किए गए।
इस दौरान जनपद की अन्य तहसीलों में भी तहसील प्रभारियों के नेतृत्व में इसी प्रकार ज्ञापन सौंपे गए।
कार्यक्रम में योगेश जायसवाल, अमित पुरी, मिथिलेश पांडे, आशुतोष भालोटिया, बिपिन जायसवाल, रविराज जायसवाल, अतुल जायसवाल, कृष्ण मुरारी सिंह, अंकित लाठ, सूरज रावत, अनुप मद्धेशिया, अमित जायसवाल (मुन्ना), मोहित अग्रवाल, कन्हैया शर्मा, मयंक जायसवाल, विजय, ओमप्रकाश, रंजीत, राम कृष्णा मिश्र सहित बड़ी संख्या में गौ प्रेमी उपस्थित रहे।
