महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र में भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीते सोमवार को संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में खाद्य सामग्री बरामद की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर 22वीं वाहिनी एसएसबी पथलहवा, सीमा शुल्क इकाई निचलौल एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने पीलर संख्या 497 के पास घेराबंदी की। इस दौरान चार पिकअप वाहनों से कुल 220 बोरी अर्जेंटीना व तुर्की पॉपकॉर्न (मक्का) तथा 490 पेटी रामफल बरामद किया गया।
जांच में पाया गया कि प्रत्येक मक्का बोरी का वजन 25 किलोग्राम है, जिसके अनुसार कुल 5500 किलोग्राम मक्का बरामद हुआ। वहीं रामफल की प्रत्येक पेटी 8 किलोग्राम की पाई गई, जिससे कुल 3920 किलोग्राम रामफल जब्त किया गया।
संयुक्त टीम द्वारा नियमानुसार फर्द तैयार कर बरामद माल को सीमा शुल्क इकाई निचलौल के सुपुर्द कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान एसएसबी, सीमा शुल्क विभाग एवं पुलिस बल के अधिकारी व जवान मौजूद रहे।
