के. के. मिश्रा, संवाददाता
संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, एचआरपीजी कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, नेहरू कृषक इंटर कॉलेज तथा प्रहलाद राय बनारसी लाल बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज, खलीलाबाद सहित अन्य केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, व्यवस्थापन एवं परीक्षा संबंधी तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान ड्यूटी में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों/कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्हें परीक्षा की शुचिता बनाए रखने, अभ्यर्थियों के सुगम एवं व्यवस्थित प्रवेश की व्यवस्था सुनिश्चित करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न होने देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनुचित गतिविधि या नकल के प्रयास को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
