•केडी मेडिकल कॉलेज में आयोजन, प्रतियोगिताओं के जरिए बढ़ाया उत्साह।
मथुरा। केडी विश्वविद्यालय के चिकित्सा शिक्षा संस्थान केडी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेंटर में आयोजित मेडिकल लेबोरेटरी प्रोफेशनल्स वीक का समापन बीते दिवस चिकित्सा प्रयोगशाला पेशेवरों को सम्मानित कर किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी और बायोकैमिस्ट्री विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।

समापन अवसर पर डीन एवं प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में पैथोलॉजी और प्रयोगशालाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। सटीक जांच के बिना किसी भी बीमारी का सही उपचार संभव नहीं है।कार्यक्रम के अंतिम दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
शुभारंभ कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल, डीन डॉ. आर.के. अशोका, उप-प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गगनदीप सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों का स्वागत केंद्रीय नैदानिक प्रयोगशाला अधीक्षक डॉ. प्रणीता जसवंत सिंह ने किया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने विभागों की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मेडिकल शिक्षा को रोचक और इंटरेक्टिव बनाने के उद्देश्य से मॉडल प्रेजेंटेशन, क्विज, व्यावहारिक प्रदर्शन और अवॉर्ड सेरेमनी जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
डीन डॉ. अशोका ने कहा कि लेबोरेटरी रिपोर्ट मरीज के उपचार की सबसे अहम कड़ी होती है और यह सप्ताह उन अनदेखे नायकों को सम्मान देने का अवसर है, जो पर्दे के पीछे रहकर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान करते हैं।
कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल ने बताया कि लगभग 70 प्रतिशत नैदानिक निर्णयों में मेडिकल लेबोरेटरी पेशेवरों की अहम भूमिका होती है। वहीं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गगनदीप सिंह ने कहा कि लैब प्रोफेशनल्स की रिपोर्ट ही डॉक्टरों को सही दिशा में उपचार करने में मदद करती है।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। संचालन डॉ. यामिनी ने किया, जबकि आभार डॉ. संगीता सिंह ने व्यक्त किया।
