•लापरवाही के आरोप, भीषण गर्मी में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित।
संवाददाता: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। मिश्रिख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अव्यवस्थाओं का मामला सामने आया है। भीषण गर्मी के बीच अस्पताल में लगा वाटर कूलर खराब हो गया है, जिससे मरीजों और तीमारदारों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि यह वाटर कूलर होली परिक्रमा के दौरान लगाया गया था, लेकिन कुछ ही दिनों में खराब होकर बंद हो गया। अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को रात में पानी की भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। मरीजों का कहना है कि जब सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, तो मूलभूत सुविधाओं का अभाव चिंता का विषय है।
जिलाधिकारी द्वारा सभी मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन अस्पताल स्तर पर इन निर्देशों का प्रभाव नजर नहीं आ रहा है। आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं, जिससे आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
भीषण गर्मी में पानी जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और मरीजों को राहत कब तक मिलती है।
