जयपुर/लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समुदाय की एकजुटता इस बार भाजपा को सत्ता से हटाने का काम करेगी। उन्होंने भाजपा पर भेदभाव की राजनीति करने का आरोप लगाया।
शनिवार को जयपुर में विजन इंडिया कार्यक्रम के तहत आयोजित हरमोनियस हेरिटेज समिट के बाद प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि समाज में सौहार्द, सामंजस्य और भाईचारा ही विकास, अमन-चैन और खुशहाली का आधार है। समाजवादी पार्टी इसी दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
अखिलेश यादव ने पूज्यनीय शंकराचार्य के साहस की सराहना करते हुए कहा कि वे नकली संतों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, जो सराहनीय है। समाजवादी पार्टी उनका सम्मान करती है और उनका आशीर्वाद लेकर आगे बढ़ेगी।
उन्होंने चुनाव आयोग पर निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान फर्जी हस्ताक्षरों के माध्यम से फॉर्म-7 भरकर सपा समर्थक मतदाताओं के नाम सूची से हटाने की साजिश की गई। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस फर्जीवाड़े को उजागर किया, लेकिन शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि नई मतदाता सूची जारी होने के बाद समाजवादी पार्टी प्रत्येक बूथ पर जांच करेगी, ताकि किसी भी मतदाता के साथ अन्याय न हो।
भाजपा सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध कारोबार और नशे का व्यापार बढ़ रहा है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन और मजबूत होगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने प्रदेश में विकास का नया मॉडल प्रस्तुत किया था, जिसमें आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे जैसे बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उस समय बनाए गए आधारभूत ढांचे का अनुसरण आज राष्ट्रीय स्तर पर किया जा रहा है।
उन्होंने भाजपा पर विरासत विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ऐतिहासिक धरोहरों को नुकसान पहुंचा रही है, लेकिन जनता इस बार चुनाव में जवाब देगी।
प्रेस वार्ता में राजेन्द्र चौधरी, राजीव राय एवं अभिषेक मिश्र सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।
