के. के. मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। गंगा देवी कपिल देव तिवारी पी.जी. कॉलेज भुजैनी, संत कबीर नगर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद एवं सरदार वल्लभ भाई पटेल इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छ भारत मिशन के तहत भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

रैली के दौरान स्वयंसेवियों ने विभिन्न नारों, स्लोगनों और पोस्टरों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही ग्राम डडवा की मलिन बस्ती में स्वयंसेवियों द्वारा सफाई अभियान चलाया गया तथा ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
रैली के पश्चात आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि जहां स्वच्छता होती है, वहीं स्वास्थ्य भी होता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का अर्थ केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन की एक अच्छी आदत है, जिससे देश की प्रगति संभव होती है।
स्वामी विवेकानंद इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रंगनाथ तिवारी ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान एक महाअभियान है, जिसमें प्रत्येक देशवासी का योगदान आवश्यक है। तभी हमारा देश पूरी तरह स्वच्छ बन सकता है।
वहीं सरदार वल्लभ भाई पटेल इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनीत कुमार ने स्वयंसेवियों से अपने जीवन में स्वच्छता की आदत अपनाने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया, ताकि एक स्वस्थ, निरोगी और स्वच्छ समाज का निर्माण हो सके।
इस अवसर पर कई स्वयंसेवियों ने भी स्वच्छ भारत अभियान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
