•जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने पर जोर, मौके पर ही अधिकारियों को दिए गए समाधान के निर्देश।
— के. के. मिश्रा, संवाददाता
संत कबीर नगर। खलीलाबाद विकास खंड के ग्राम पंचायत अशरफाबाद में मा० विधायक खलीलाबाद अंकुर राज तिवारी एवं जिलाधिकारी आलोक कुमार की उपस्थिति में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जयप्रकाश एवं मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को विस्तार से दी तथा उनकी समस्याएं सुनीं। पेंशन, राशन कार्ड, बेसिक शिक्षा, आईसीडीएस, स्वास्थ्य सेवाएं, आयुष्मान कार्ड, फार्मर रजिस्ट्री, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला सुरक्षा, निराश्रित महिला पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
मा० विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और विकास कार्यों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से लागू करने पर बल दिया। साथ ही अधिकारियों से अपील की कि वे संवेदनशीलता के साथ जनता की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने चौपाल में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने “गांव की समस्या, गांव में समाधान” के सिद्धांत पर कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि ग्राम स्तर पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर तहसील, ब्लॉक एवं जिला स्तर पर जनसुनवाई के माध्यम से समाधान किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने शेष किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराने हेतु लेखपाल को निर्देश दिए तथा आगामी जनगणना के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी ने शौचालय, आवास, मनरेगा एवं आजीविका मिशन की योजनाओं की जानकारी दी और संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु निर्देश दिए।
चौपाल के अंत में ग्राम प्रधान ने विधायक, जिलाधिकारी एवं उपस्थित सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया, जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रभात द्विवेदी, उपायुक्त स्वतः रोजगार प्रवीण कुमार शुक्ला, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, उप जिलाधिकारी अरुण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
