•विधायक अंकुर राज तिवारी ने उनके आवास पहुंच कर परिवारजनों के साथ व्यक्त की शोक संवेदना
केके मिश्रा संवाददाता।
खलीलाबाद। नगर पालिका खलीलाबाद के पूर्व चेयरमैन एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्याम सुंदर वर्मा की पूज्यनीय माता इमिरता देवी (70 वर्ष) का शनिवार दोपहर आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही खलीलाबाद सहित पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि श्रीमती इमिरता देवी काफी दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं और उनका इलाज चल रहा था। शनिवार दोपहर उन्होंने अपने जीवन की अंतिम सांस ली।
निधन की सूचना मिलते ही श्याम सुंदर वर्मा के आवास पर परिवारजनों, रिश्तेदारों, मित्रों एवं शुभचिंतकों का तांता लग गया। शोकाकुल वातावरण में हर कोई दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करता नजर आया। घर पर मातम पसरा हुआ है और परिवार के सदस्य गहरे दुख में डूबे हुए हैं। आसपास के लोगों द्वारा परिवार को ढांढस बंधाया जा रहा है।
इस दुखद समाचार के बाद क्षेत्र के सदर विधायक अंकुर राज तिवारी एवं पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने श्याम सुंदर वर्मा के आवास पर पहुंचकर उनकी पूज्यनीय माता जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि माता इमिरता देवी एक सादगीपूर्ण, धर्मपरायण और संस्कारों से युक्त व्यक्तित्व की धनी थीं, जिनका जीवन समाज और परिवार के लिए प्रेरणास्रोत रहा।
विधायक के अलावा जनपद के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक भी उनके आवास पर पहुंच रहे हैं। सभी लोग श्याम सुंदर वर्मा एवं उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। जनपद में राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक वर्ग में उनके निधन को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।
परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिवंगत इमिरता देवी का अंतिम संस्कार कल सुबह अयोध्या में किया जाएगा। इसके लिए उनके पार्थिव शरीर को विधि-विधान के साथ अयोध्या ले जाया जाएगा, जहां परिवार के सदस्य और निकट संबंधी अंतिम संस्कार में सम्मिलित होंगे।
