•100 करोड़ के बीमा घोटाले का खुलासा करने वाली अनुकृति शर्मा भेजी गईं गौतमबुद्धनगर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक बड़े पैमाने पर फेरबदल करते हुए 24 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस सूची में कई जिलों के पुलिस अधीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारी शामिल हैं।
तबादला सूची में संभल में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक अनुकृति शर्मा का नाम भी शामिल है। अनुकृति शर्मा ने संभल में रहते हुए 100 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी बीमा घोटाले का खुलासा कर प्रदेशभर में सुर्खियां बटोरी थीं। उनके प्रभावी नेतृत्व और सख्त कार्रवाई को व्यापक सराहना मिली थी। अब उनका तबादला गौतमबुद्धनगर किया गया है, जहां उन्हें अपर पुलिस उपायुक्त (एसीपी) के पद पर तैनात किया गया है।
शासन सूत्रों के अनुसार, अनुकृति शर्मा की गिनती तेज-तर्रार और ईमानदार पुलिस अधिकारियों में होती है। संभल में कार्यकाल के दौरान उन्होंने बीमा घोटाले के अलावा कई अन्य आपराधिक मामलों में भी कठोर और प्रभावी कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया था।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनंदन का भी तबादला किया गया है। उन्हें अब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन का कहना है कि यह सभी तबादले प्रशासनिक आवश्यकताओं और कानून-व्यवस्था को और बेहतर करने के उद्देश्य से किए गए हैं। तबादले में शामिल सभी अधिकारियों को शीघ्र ही अपनी नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
देखें ट्रांसफर लिस्ट:-


