
बस्ती। इनरव्हील क्लब की डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन आशा अग्रवाल ने मंगलवार को बस्ती जिले का आधिकारिक दौरा किया। क्लब के सदस्यों ने शहर के एक निजी होटल में आयोजित सभा के दौरान उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। चेयरमैन ने क्लब द्वारा अब तक किए गए मैत्री, सेवा, आपसी सद्भाव वृद्धि, पर्यावरण संरक्षण, महिला जागरूकता और सशक्तिकरण की दिशा में किए गए कार्यों और गतिविधियों की समीक्षा की।

क्लब अध्यक्ष कला अग्रवाल ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया। इसके बाद डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन ने क्लब के पदाधिकारियों के साथ जीजीआईसी स्कूल के हैंडपंप और पीपल के पेड़ के चबूतरे के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। वहां से वे ‘उड़ान स्कूल’ भी गईं, जो जरूरतमंद बच्चों के लिए नि:शुल्क संचालित होता है। उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उन्हें कॉपी, रंग आदि वितरित किए। इसके अलावा, स्कूल की एक छात्रा को सिलाई मशीन भी भेंट की गई।
कार्यक्रम के दौरान कोषाध्यक्ष ने आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया, जबकि एडिटर ने क्लब की विभिन्न गतिविधियों का लेखा-जोखा साझा किया। बच्चों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। ‘उड़ान स्कूल’ के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।
क्लब की ओर से थैलेसीमिया से ग्रसित एक बच्चे के परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में ₹18,600 प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन सचिव द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर चंदा, संगीता, अनीता, कृष्णा, दीपा, शिवांगी, प्रतिमा, दीपिका, कमल, सरिता, सविता, सीमा, साधना, तूलिका, आशा सहित क्लब के सभी सदस्य उपस्थित रहे।