लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा एक संगठित गिरोह की तरह कार्य कर रही है, जिसका मुख्य एजेंडा समाज में नफरत फैलाना और लोगों के बीच दूरी बढ़ाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का आचरण निम्न स्तर का है और वह समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार करती है।
बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लिए सुरक्षित सीटों के पूर्व प्रत्याशियों और नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र के साथ छल कर रही है और महिला आरक्षण को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में महिला आरक्षण कानून लागू हो चुका है और वर्ष 2023 में महिला आरक्षण विधेयक संसद से सर्वसम्मति से पारित किया गया था, लेकिन भाजपा नेता झूठ और भ्रामक प्रचार से बाज नहीं आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा के झूठ और भ्रामक प्रचार को समझ रही है। पीडीए की एकता से घबराई भाजपा जनता के बीच इसी तरह का प्रोपेगंडा चला रही है। भाजपा भ्रष्टाचार, लूट, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए झूठ का सहारा लेती है।
अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं को भाजपा से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा से जनता का भरोसा खत्म हो चुका है और आगामी विधानसभा चुनाव में उसकी हार तय है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की रणनीति चालाकी भरी है, लेकिन जनता उसकी कार्यशैली को समझ चुकी है। इस बार भाजपा को सत्ता से बाहर जाना ही पड़ेगा।उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वर्ष 2027 के चुनाव के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी जाए और बूथ स्तर पर विशेष ध्यान दिया जाए, क्योंकि चुनाव जमीन पर ही जीता जाता है।
उन्होंने कहा कि दूसरों पर भरोसा करने के बजाय अपनी ताकत पर निर्भर रहना होगा।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ खिलवाड़ किया था। लोकतंत्र को बचाने और जनता का सम्मान लौटाने के लिए समाजवादी पार्टी प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पीडीए का जनाधार बड़ा है और यह वर्ग एकजुट है। समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए निरंतर कार्य कर रही है और पार्टी की सरकार बनने पर सभी को न्याय मिलेगा।
बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल तथा समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।
