प्रयागराज। शहर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने मंसूराबाद बाईपास के पास से 550 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की कीमत करीब 1.10 करोड़ रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मांडा निवासी अनीश कुमार उर्फ आशीष सोनकर और सौरभ सोनकर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे प्रतापगढ़ सहित आसपास के जिलों में नशे की खेप सप्लाई करने जा रहे थे।
एएनटीएफ को मिल रही लगातार शिकायतों के आधार पर ऑपरेशनल यूनिट प्रभारी सत्येंद्र प्रधान के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। घेराबंदी कर कार सवार दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से हेरोइन के अलावा दो मोबाइल फोन, एक कार और 700 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि हेरोइन प्रयागराज के एक गांव के ही एक साथी द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। आरोपियों को निर्देश दिया गया था कि खेप को नवाबगंज क्षेत्र के एक टोल प्लाजा तक पहुंचाया जाए, जहां एक अज्ञात व्यक्ति उसे रिसीव करता।
बुधवार को दोनों आरोपियों को जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एएनटीएफ के अनुसार, इस गिरोह के मुख्य सरगना और अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
