
बस्ती। नगर पालिका परिषद बस्ती की अध्यक्ष नेहा वर्मा ने बीते दिवस मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर शहर के विकास कार्यों पर चर्चा की। चेयरमैन ने बताया कि सीएम ने आश्वस्त किया है कि जो भी विकास कार्य चल रहे हैं उसे पूरा कराएं। धनराशि की कमी नहीं होगी। लंबित नगर पालिका सीमा का विस्तार शीघ्र होगा। स्मार्ट सिटी की भी सौगात मिलेगी। इसके लिए कार्ययोजना बनाकर शासन को उपलब्ध कराएं।
मुख्यमंत्री से मिलने के बाद चेयरमैन ने कहा कि नगर पालिका के सीमा में 69 गांव शामिल होने हैं। शासन में फाइल है, लेकिन अभी तक विस्तार नहीं हो सका, इससे बजट कम आ रहा और विकास कार्य में अड़चने आ रही हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही सीमा विस्तार की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
जलनिकासी, प्रकाश और कुआनों नदी सफाई आदि की समस्या बताई। सड़क चौड़ीकरण और जर्जर विद्युत तार को लेकर बातचीत की, जिसमें कहा गया कि जर्जर तार को बदलते हुए अंडरग्राउंड तार लगवाएं। जाम की समस्या खत्म करने के लिए अलग से सुझाव दिए। बस्ती शहर का विकास अन्य स्मार्ट सिटी की तर्ज पर हो इसके लिए अलग से कार्ययोजना बनाकर भेजने के लिए कहा। स्वच्छ एवं सुंदर बस्ती के लिए पूर्व से प्रस्तावित कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए कहा गया। इस दौरान नपाध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, विवेक वर्मा आदि मौजूद रहे।