
लखनऊ। अलीगंज थाना क्षेत्र स्थित “द डॉलर कैफे” में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार पर पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। मौके से छह लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि हुक्का बार संचालक फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से 14 हुक्का, 20 पाइप और नशीले फ्लेवर बरामद किए हैं।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेक्टर एफ स्थित द डॉलर कैफे में बिना लाइसेंस अवैध हुक्का बार चलाया जा रहा है। इस सूचना पर थाना अलीगंज की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कैफे में छापा मारा। छापे के दौरान 12 हुक्के चालू हालत में मिले और मौके पर मौजूद 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शादिक, मोहम्मद तौशीफ, रेहान, मोहम्मद तैयब, मोहम्मद जैत और आर्यन उर्फ करन के रूप में हुई है। सभी की उम्र 19 से 25 वर्ष के बीच है और अधिकतर मजदूरी करते हैं। पूछताछ में सामने आया कि हुक्का बार का संचालन विलाल नामक युवक कर रहा था, जो मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हुक्का बार को वैध लाइसेंस का झांसा देकर नशीले फ्लेवर मिलाकर ग्राहकों को परोसते थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।