
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 5 जून को अपना 53वां जन्मदिवस रामनगरी अयोध्या में मनाएंगे। इस अवसर पर वे राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन कर विशेष आरती के माध्यम से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करेंगे।
मुख्यमंत्री राम दरबार सहित सात अन्य देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भी भाग लेंगे। साथ ही, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भी उनकी उपस्थिति रहेगी।
इस महत्वपूर्ण दिन की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय है। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे के नेतृत्व में कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है और समस्त विवरण मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजा गया है।
इसी दिन अयोध्या नगर निगम के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘अयोध्या नगर निगम – दो साल बेमिसाल’ थीम पर आधारित एक विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में नगर निगम की उपलब्धियों को प्रस्तुत किया जाएगा और सफाई मित्रों को सम्मानित किया जाएगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या से विशेष भावनात्मक जुड़ाव है। वे अक्सर विकास परियोजनाओं की समीक्षा के लिए अयोध्या का दौरा करते रहते हैं।