बस्ती। उत्तर प्रदेश के समस्त माध्यमिक विद्यालयों में 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिकन्दरपुर, सहित जनपद के सभी माध्यमिक विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा उनके बीच चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें सड़क सुरक्षा विषय पर रचनात्मक अभिव्यक्ति देखने को मिली।
इसके अतिरिक्त जनपद के समस्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत प्रत्येक कार्य दिवस में विद्यालय परिसर में प्रवेश के समय रोड सेफ्टी क्लब के माध्यम से बिना हेलमेट के आने वाले शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की जांच की जाए तथा उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जाए।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों सहित आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
