केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। उदया इंटरनेशनल स्कूल में दिनांक 25 जनवरी से 27 जनवरी तक आयोजित त्रि-दिवसीय वार्षिक खेल दिवस समारोह का प्रथम दिवस अत्यंत उल्लास, अनुशासन एवं खेल-भावना के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। यह आयोजन विद्यालय के निदेशक एवं जनमानस के प्रतिनिधि श्री उदय राज तिवारी के दूरदर्शी मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिनसे विद्यार्थियों में शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास की चेतना को सुदृढ़ किया।


समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि जे.पी. एजुकेशन अकादमी के निदेशक श्री सलिल कुमार श्रीवास्तव द्वारा दीप-प्रज्ज्वलन कर किया गया। उन्होंने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक सुदृढ़ता प्रदान करते हैं, अपितु नेतृत्व, अनुशासन, सहयोग एवं आत्मविश्वास जैसे जीवन-मूल्यों का भी विकास करते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिवार के सतत प्रयासों की प्रशंसा की तथा प्रबंधक, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को इस सफल आयोजन हेतु साधुवाद प्रदान किया।
प्रबंधक श्री अंकित राज तिवारी ने अपने ओजस्वी संबोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने विद्यार्थी जीवन की स्मृतियों को साझा किया और कहा कि खेल जीवन में संघर्षों से जूझने की क्षमता, लक्ष्य-प्राप्ति की दृढ़ता तथा सकारात्मक दृष्टिकोण का निर्माण करते हैं।
उन्होंने विद्यालय में खेलों को समान रूप से अकादमिक शिक्षा के साथ महत्व देने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम की अगली कड़ी में मंच संचालन का दायित्व कक्षा 11 की छात्रा आमना खातून, कक्षा 9 के छात्र शिवम सिंह, कक्षा 8 के छात्र सचिन प्रजापति एवं अंशिका यादव, कक्षा 4 के आदित्य तथा कक्षा 3 के तनिष्क ने अत्यंत कुशलता एवं आत्मविश्वास के साथ निभाया।
प्रधानाचार्य श्री शैलेंद्र कुमार त्रिपाठी ने अपने प्रेरक संबोधन में विद्यार्थियों को खेलों के प्रति निरंतर सक्रिय रहने का संदेश देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है, अतः खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं।
इस गरिमामयी अवसर पर उदया इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक -प्रतिनिधि श्री सूर्य सेन मिश्र, समन्वयक श्री मनप्रीत सिंह एवं श्रीमती पुष्पांजलि सिंह, एडमिन श्रीमती अनीता तिवारी, खेल शिक्षक श्री गुलशन यादव, श्रेयांश यादव, आदित्य वर्मा सहित उदया परिवार के समस्त प्रबुद्ध शिक्षक उपस्थित रहे। साथ ही गंगा देवी कपिल देव तिवारी महाविद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अमित सिंह एवं बी.एड. विभागाध्यक्ष श्री रंगनाथ तिवारी, श्री हरिशंकर शुक्ला जी की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और अधिक बढ़ाया। कार्यक्रम का शुभारंभ नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत एवं स्वागत नृत्य से हुआ, जिसने समस्त दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
तत्पश्चात सुभाष हाउस, रमन हाउस, टैगोर हाउस एवं रामानुजन हाउस के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के पश्चात मुख्य अतिथि का औपचारिक अभिनंदन किया गया। शपथ ग्रहण समारोह कक्षा 1 के छात्र कृशांक सिंह द्वारा संपन्न हुआ। इसके उपरांत विद्यालय की कैप्टन सोफिया शेख एवं वाइस कैप्टन मनीष गुप्त द्वारा मशाल प्रज्ज्वलन किया गया, जो खेल भावना एवं एकता का प्रतीक बना।
खेल प्रतियोगिताओं की श्रृंखला में नर्सरी, एल.के.जी. एवं यू.के.जी. के बच्चों द्वारा फैंसी रेस आयोजित की गई, जिसने सभी का मन मोह लिया। कक्षा 9, 10 एवं 11 के छात्रों द्वारा रिले रेस, कक्षा 3, 4, 5 तथा 6, 7, 8 की छात्राओं द्वारा 100 मीटर दौड़, कक्षा 9, 10, 11 के छात्र-छात्राओं द्वारा 100 मीटर दौड़, कक्षा 6, 7, 8 के छात्र-छात्राओं द्वारा 200 मीटर दौड़ तथा कक्षा 9, 10, 11 की छात्राओं द्वारा 200 मीटर दौड़ संपन्न हुई। कक्षा 3, 4, 5 की छात्राओं द्वारा बोरी दौड़ एवं भाला फेंक प्रतियोगिता ने खेल मैदान को उत्साह से भर दिया। इसके अतिरिक्त कक्षा 12 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत जुंबा डांस एवं बच्चों द्वारा किया गया योग प्रदर्शन शारीरिक स्फूर्ति एवं मानसिक संतुलन का सजीव उदाहरण बने।
समारोह के अंत में कक्षा 11 की छात्रा आमना खातून द्वारा भावपूर्ण धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया तथा सभी विजेता प्रतिभागियों को यथोचित पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस प्रकार प्रथम दिवस का आयोजन अत्यंत सफल, प्रेरणादायी एवं स्मरणीय सिद्ध हुआ, जिसने विद्यालय में खेल संस्कृति को नई दिशा एवं नई ऊर्जा प्रदान की।
