केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। सेमरियावां विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत डिघवा में सोशल ऑडिट टीम द्वारा ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों का दो दिवसीय स्थलीय एवं भौतिक सत्यापन किया गया। सत्यापन के उपरांत सोशल ऑडिट टीम द्वारा ग्राम में खुली बैठक आयोजित की गई।
खुली बैठक को संबोधित करते हुए सोशल ऑडिट टीम की ब्लॉक कोऑर्डिनेटर नीलम शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत में विभिन्न परियोजनाओं के अंतर्गत कार्य कराए गए हैं, लेकिन ग्राम पंचायत 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराने में असफल रही है। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर कार्य कच्चे पाए गए।
खुली बैठक के दौरान ग्राम प्रधान द्वारा ग्राम पंचायत में कराए गए कार्यों से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत किए गए, जो मौके पर उपलब्ध पाए गए। हालांकि बैठक के समय ग्राम पंचायत सचिव एवं तकनीकी सहायक उपस्थित नहीं पाए गए।
सोशल ऑडिट टीम के सदस्यों द्वारा परियोजना स्थलों का निरीक्षण किया गया, जहां पक्के एवं कच्चे दोनों प्रकार के कार्य कराए गए थे। निरीक्षण के दौरान अधिकांश परियोजनाओं पर सीआईबी बोर्ड लगे पाए गए, जिस पर टीम ने संतोष व्यक्त किया। ग्राम पंचायत के ग्रामीणों द्वारा भी आम सहमति व्यक्त की गई तथा ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए कार्यों की सराहना करते हुए तालियां बजाकर नामित अध्यक्ष एवं टीम का स्वागत किया गया।
इस दौरान मनरेगा मजदूरों ने शासन द्वारा निर्धारित मजदूरी कम होने तथा समय से भुगतान न होने की शिकायत की। उन्होंने सोशल ऑडिट टीम के माध्यम से मजदूरी बढ़ाने एवं समय से भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की, जिसे शासन को अवगत कराने का आग्रह किया गया।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा बताया गया कि ग्राम पंचायत में विभिन्न परियोजनाओं पर गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य कराए गए हैं, जो सराहनीय हैं। बैठक में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
