बस्ती। नगर पुलिस और एसओजी टीम बस्ती की संयुक्त कार्रवाई में जूता-चप्पल की दुकान व घर से आभूषण चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को थाना नगर पुलिस टीम रात्रि गश्त व संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कस्बा नगर स्थित दुर्गा मंदिर पोखरा के उत्तरी छोर से दो अभियुक्तों को सुबह करीब 5.50 बजे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में रामदेव यादव उर्फ प्रिंस तथा आजम अली उर्फ अजमेर, दोनों निवासी महरीपुर थाना नगर जनपद बस्ती शामिल हैं।
पकड़े गए आरोपियों ने 6/7 जनवरी 2026 की रात नगर बाजार स्थित जूता-चप्पल की दुकान से चोरी तथा 10/11 जनवरी 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्र के आनंद नगर कटरा में एक घर से आभूषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। बरामदगी में मंगलसूत्र, अंगूठियां, कान के टॉप्स, पायल, बिछुआ, रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन, 9,200 रुपये नकद और एक अपाचे मोटरसाइकिल शामिल है।
पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थाना नगर पुलिस, एसओजी टीम और सर्विलांस सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
