•पुलिस कर्मियों में खेल भावना और फिटनेस को बढ़ावा देगी यह अन्तर्जनपदीय खेल प्रतियोगिता।
बस्ती। रिजर्व पुलिस लाइन्स बस्ती में आज गुरुवार को अन्तर्जनपदीय खेल प्रतियोगिता-2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती श्री श्यामकान्त ने किया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।






इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन श्री प्रदीप कुमार त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी रुधौली श्री कुलदीप सिंह यादव, प्रतिसार निरीक्षक बी.के. पटेल, यातायात प्रभारी श्री अवधेश तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना, सहनशीलता और नेतृत्व क्षमता के विकास में भी सहायक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अन्तर्जनपदीय प्रतियोगिताएं पुलिस बल की विभिन्न इकाइयों के बीच आपसी समन्वय, भाईचारा और उत्साह को बढ़ावा देती हैं।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन कर वे अपने जनपद और इकाई का नाम रोशन करें। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस विभाग में शारीरिक फिटनेस और मानसिक सुदृढ़ता जनसेवा की गुणवत्ता के लिए अत्यंत आवश्यक है।
अन्तर्जनपदीय खेल प्रतियोगिता-2026 में विभिन्न जनपदों, पुलिस इकाइयों, थानों एवं कंपनियों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी, क्रिकेट, फुटबॉल सहित अन्य खेलों का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के सुचारू संचालन हेतु समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं।
