विजयदूत न्यूज़ ब्यूरो।
गोरखपुर। रेलवे प्रशासन यात्रियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में ट्रेनों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु क्लीन ट्रेन स्टेशन (सीटीएस) और ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (ओबीएचएस) के माध्यम से नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जा रही है।
क्लीन ट्रेन स्टेशन योजना के तहत निर्धारित स्टेशनों पर पहुंचने वाली ट्रेनों के टॉयलेट की मशीनीकृत विधि (जेट वैक्यूम बफिंग) से सफाई की जाती है, साथ ही खिड़कियों के शीशों को भी आधुनिक तकनीक से साफ किया जाता है। विशेष रूप से टॉयलेट को स्वच्छ और कीटाणुमुक्त रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे के अंतर्गत गोरखपुर, ऐशबाग और छपरा स्टेशन को क्लीन ट्रेन स्टेशन के रूप में नामित किया गया है, जहां प्रतिदिन कुल 81 ट्रेनों की सफाई की जाती है। इनमें गोरखपुर में 42, ऐशबाग में 15 और छपरा में 24 ट्रेनें शामिल हैं।
इसके अलावा यात्रा के दौरान भी ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस की व्यवस्था लागू की गई है। इस सुविधा के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल की 46, इज्जतनगर मंडल की 38 और लखनऊ मंडल की 94 ट्रेनों सहित कुल 178 ट्रेनों में सफाई सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
ओबीएचएस स्टाफ आवश्यक सफाई उपकरण जैसे वाइपर, कपड़ा, डस्टर, डिस्पोजल बैग, कमोड ब्रश और केमिकल साथ रखते हैं, जिससे वे समय-समय पर अथवा यात्रियों की मांग पर कोचों में सफाई सुनिश्चित करते हैं।
रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को सफर के दौरान स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराना है।
