•गायत्री एकेडमी व जेपी उपाध्याय इंटर कॉलेज में वार्षिकोत्सव, फेयरवेल व गुडलक पार्टी आयोजित।
के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जनपद के भदाह चौराहा स्थित गायत्री एकेडमी एवं जगदीश प्रसाद उपाध्याय इंटर कॉलेज में वार्षिकोत्सव, फेयरवेल एवं गुडलक पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की भारतीय संस्कृति और सभ्यता पर आधारित प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। देशभक्ति, बालिका शिक्षा, देवी महत्ता और मनोरंजन से जुड़ी रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर खलीलाबाद के विधायक अंकुर राज तिवारी ने 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भविष्य के लिए छोटे सपने नहीं देखने चाहिए, बल्कि हमेशा ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए।
उन्होंने अपने छात्र जीवन का प्रसंग साझा करते हुए बताया कि जब वे कक्षा तीन में सैनिक स्कूल फैजाबाद में पढ़ते थे, तब उनके कोच ने पूछा था कि वे क्या बनना चाहते हैं। उस समय उन्होंने विधायक बनने का सपना देखा था, जिसे आज उन्होंने साकार किया है।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को संवारने में यह संस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने संस्थान के प्रबंधक राजेश उपाध्याय की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर शिक्षा के बिना समाज और देश का विकास संभव नहीं है। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालय परिवार को जब भी किसी प्रकार की आवश्यकता होगी, वे सदैव सहयोग के लिए तैयार रहेंगे।
संस्थान में दी जा रही संस्कारयुक्त शिक्षा पर संतोष व्यक्त करते हुए विधायक ने शिक्षकों को भी बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन गायत्री एकेडमी एवं जगदीश प्रसाद उपाध्याय इंटर कॉलेज के प्रबंधक द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप पांडेय, वरिष्ठ लिपिक ब्रह्मदेव यादव, श्रीमती रितु रानी यादव, बघौली विकासखंड के ग्राम पंचायत सूपा के प्रधान दामोदर पांडेय, भुजैनी के प्रदीप तिवारी, दिनेश चतुर्वेदी, अनिल कुमार त्रिपाठी, ग्राम प्रधान बाड़ी गांव राम शिव चौधरी, सरदार पटेल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भदाह के प्रबंधक महेंद्र चौधरी सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
