रिपोर्ट : कृष्णकांत मिश्र
जौनपुर। जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के लखौवा बाजार में शनिवार अपराह्न एक कथित चिकित्सक को रंगदारी के विवाद में गोली मार दी गई। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घायल चिकित्सक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वी.के. बंगाली लखौवा बाजार स्थित अपने आवास पर बीते 32 वर्षों से डिस्पेंसरी संचालित कर रहे हैं। शनिवार को वह हमेशा की तरह मरीजों का इलाज कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। एक बदमाश बाइक से उतरा, जेब से पिस्टल निकाली और बिना कुछ कहे फायरिंग कर दी।
बताया गया कि बदमाश ने तीन राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली चिकित्सक के पैर में लगी, जबकि दो गोलियां चूक गईं। वारदात के बाद तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
घायल चिकित्सक ने पुलिस को बताया कि उन्हें 50 लाख रुपये की रंगदारी को लेकर पहले से धमकी मिल रही थी। उनके अनुसार, 6 फरवरी को लखौवा लौटने के बाद उनके व्हाट्सएप नंबर पर कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को ‘शोले सिंह’ बताते हुए 24 घंटे के भीतर 50 लाख रुपये की व्यवस्था करने की धमकी दी थी और ऐसा न करने पर जान से मारने की चेतावनी दी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले की गहन छानबीन की जा रही है।
