सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की वंदन योजना के अंतर्गत नगर क्षेत्र वार्ड बढ़ैयाबीर में गोमती नदी तट पर स्थित पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व के स्थल पर नए हनुमान घाट के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि आदि गंगा मां गोमती के तट पर स्थित यह कच्चा घाट लंबे समय से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। स्थानीय सभासदों और नागरिकों की मांग पर इसे सीताकुंड घाट की तर्ज पर विकसित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। शासन ने 171.21 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है, जिसके तहत आधुनिक सुविधाओं से युक्त हनुमान घाट का निर्माण कराया जाएगा।
परियोजना के अंतर्गत 50 मीटर लंबाई और 17 मीटर चौड़ाई में सीढ़ीयुक्त घाट, 350 वर्गमीटर इंटरलॉकिंग मार्ग, दो बड़े हाल, पांच सीटों वाला शौचालय, दो हाईमास्ट लाइट, वृक्षारोपण, इंटरलॉकिंग पाथवे और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि घाट के निर्माण के बाद श्रद्धालुओं को नियमित पूजा-पाठ और स्नान के साथ ही छठ पूजा, पूर्णिमा, अमावस्या एवं अन्य पर्वों पर विशेष स्नान-दान के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह स्थल धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा, जिससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
वरिष्ठ साहित्यकार कमल नयन पाण्डेय ने इसे नगरवासियों के लिए बड़ी सौगात बताया। भाजपा नेता रामचन्द्र मिश्र ने कहा कि सरकार शहरी विकास के साथ-साथ प्राचीन धार्मिक स्थलों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता दे रही है।
कार्यक्रम संयोजक व स्थानीय सभासद प्रवीण मिश्र ने बताया कि घाट के निर्माण से वर्षों से चली आ रही असुविधाएं दूर होंगी।कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ओम प्रकाश पाण्डेय, डॉ. जे.पी. सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
