लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा संचालित “मिशन शक्ति 5.0 – सजग बेटी, सशक्त बेटी, सुरक्षित भविष्य की नई भोर” अभियान के अंतर्गत थाना रहीमाबाद क्षेत्र में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।
आज थाना रहीमाबाद क्षेत्र के ग्राम अहिंडर में शिव मंदिर के पास आयोजित मेले में एंटी रोमियो टीम एवं मिशन शक्ति टीम ने गांव से आई महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा एवं महिला अपराधों की रोकथाम के संबंध में जानकारी दी। साथ ही प्रभावती देवी शिक्षण संस्थान में भी जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उप निरीक्षक अनिरुद्ध कुमार मिश्र, उप निरीक्षक उमाशंकर यादव, महिला आरक्षी बबिता, प्रियंका डागर तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों, आत्मरक्षा के तरीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह देते हुए सीईआईआर पोर्टल पर मोबाइल चोरी अथवा साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा यूपी कॉप ऐप के माध्यम से त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त करने की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—112 (आपात सेवा), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन), 108 (आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा), 1098 (चाइल्डलाइन) और 1076 (मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन)—के बारे में विस्तार से बताया गया तथा उनके प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। महिलाओं को समझाया गया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, हिंसा या साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत इन सेवाओं का उपयोग करें।
कमिश्नरेट लखनऊ के सभी 54 थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की जानकारी देते हुए बताया गया कि महिला संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु समर्पित अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। अभियान के तहत जागरूकता कार्यशालाएं, सेमिनार, सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण और सोशल मीडिया के माध्यम से सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और समानता की भावना को सुदृढ़ करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।
