लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पूर्वी जोन अंतर्गत थाना विकासनगर पुलिस टीम ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। अभियुक्त चोरी की गाड़ियों का छिपाव बनाए रखने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहा था।
पुलिस के अनुसार 15 फरवरी 2026 को सब्जी मंडी क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक रिंग रोड स्थित सचिवालय तिराहे के पास चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उत्कर्ष प्रताप सिंह उर्फ समर ठाकुर (21 वर्ष) निवासी सेक्टर-सी जानकीपुरम, थाना विकासनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से मोटरसाइकिल प्लेटिना रजिस्ट्रेशन संख्या UP32GH7255 बरामद हुई, जो थाना बाजारखाला में दर्ज मुकदमे से संबंधित पाई गई। इसके अलावा एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिस पर लगा रजिस्ट्रेशन नंबर UP32HL2045 जांच में फर्जी निकला। चेसिस नंबर के माध्यम से ई-चालान एप से जांच करने पर उसका वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर UP32JU9831 पाया गया।
अभियुक्त को उसके अपराध से अवगत कराते हुए संबंधित धाराओं में गिरफ्तार किया गया। बरामद अपाचे मोटरसाइकिल के संबंध में साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है। अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा हेतु न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें बेचकर आर्थिक लाभ कमाने का आपराधिक कार्य करता था। उसके विरुद्ध पूर्व में भी थाना विकासनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह (चौकी प्रभारी सब्जी मंडी), उपनिरीक्षक आनन्द कुमार यादव, उपनिरीक्षक विनोद कुमार तथा मुख्य आरक्षी अनुज कुमार शामिल रहे।
