मिठौरा (महराजगंज)। मंगलवार दोपहर लगभग 1 बजे महराजगंज के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) महेंद्र कुमार सिंह मिठौरा ब्लॉक पहुंचे। उनके अचानक निरीक्षण से ब्लॉक कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई।
सीडीओ ने सबसे पहले खंड विकास कार्यालय का निरीक्षण किया तथा विभिन्न पटलों के कार्यों की गहन समीक्षा की। इसके बाद खंड विकास अधिकारी राहुल सागर से संचालित विकास कार्यों एवं योजनाओं का विस्तृत विवरण लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों की जांच करते हुए कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर सीडीओ ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना ही शासन की मंशा है। उन्होंने निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ केवल पात्र लाभार्थियों को ही पारदर्शिता के साथ दिया जाए, तभी विकसित भारत का संकल्प साकार हो सकेगा।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी राहुल सागर, एडीओ अंकित श्रीवास्तव, एडीओ पंचायत कौशल किशोर सिंह, एडीओ आईएसबी बिस्मिल्लाह, कोऑपरेटिव आशीष कुमार सिंह, बड़े बाबू उग्रसेन सिंह, उर्दू बाबू इम्तियाज अहमद, ग्राम विकास अधिकारी अमरेंद्र राज यादव, आशुतोष मौर्य, आशुतोष जायसवाल, अशोक निगम, सुनील कुमार गुप्ता, सर्वोत्तम विश्वकर्मा, सत्यम चौधरी, राजन गुप्ता तथा रामनिवास शर्मा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
