महराजगंज। जनपद के सोनबरसा (सिसवा बाजार) ग्राम सभा में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने ग्राम प्रधान पर सरकारी धन के गबन का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को जिला मुख्यालय पर धरने पर बैठे ग्रामीणों ने बताया कि बीते कई वर्षों से ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों की सूचना मांगी जा रही है। इस संबंध में 10 जुलाई 2023 को राज्य सूचना आयोग, लखनऊ में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। आयोग द्वारा निःशुल्क सूचना उपलब्ध कराने के आदेश के बावजूद अब तक सूचना नहीं दी गई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि ग्राम विकास कार्यों की जांच में गलत रिपोर्ट लगाकर संबंधित अधिकारियों द्वारा ग्राम प्रधान को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता संजय निषाद व गौरव ओझा ने आरोप लगाया कि उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की कोशिश की गई, जबकि क्षेत्राधिकारी स्तर की जांच में उन्हें निर्दोष पाया गया।
धरनारत ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि कथित रूप से गलत रिपोर्ट तैयार करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए तथा ग्राम प्रधान पर वित्तीय अनियमितता सिद्ध होने पर सरकारी धन की वसूली कर मुकदमा दर्ज किया जाए। धरना प्रदर्शन में संजय निषाद, रविंद्र कुमार, गौरव ओझा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
