👉 दिनांक 22 फरवरी 2026 (रविवार) को जनपद के एच0आर0पी0जी0 कॉलेज, खलीलाबाद में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का होगा आयोजन।
के के मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में दिनांक 22 फरवरी 2026 (रविवार) को जनपद के एच0आर0पी0जी0 कॉलेज, खलीलाबाद में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के सफल आयोजन के संबंध में जनकल्याणकारी व लाभार्थीपरक योजनाओं से संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दिए जाने से संबंधित समीक्षा बैठक मुख्य विकास अधिकारी कक्ष में आयोजित हुई। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव/सिविल जज, सीनियर डिवीजन सुनील कुमार सिंह उपस्थित रहे।

बैठक में विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के सफल आयोजन के दृष्टिगत मुख्य विकास अधिकारी ने लाभार्थीपरक योजनाओं से संबंधित समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने विभाग से संबंधित लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं का लाभ उनकी पात्रता के अनुसार दिलाया जाना सुनिश्चित करें तथा विभाग से संबंधित लाभार्थीपरक व जनकल्याणकारी योजनाओं का स्टॉल/कैंप लगाकर प्रचार-प्रसार कराया जाना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह द्वारा उपस्थित समस्त विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया कि विधिक सेवा एवं सहायता शिविर का आयोजन दिनांक 22 फरवरी 2026 (रविवार) को हीरालाल रामनिवास स्नात्कोत्तर महाविद्यालय, खलीलाबाद, सन्त कबीर नगर में होगा। उन्होंने बताया कि विधिक सेवा एवं सहायता शिविर के आयोजन का उद्देश्य पात्र व्यक्तियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ-साथ विभागीय स्टालों/कैंप के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना है।
मुख्य विकास अधिकारी ने समाज कल्याण, जिला दिव्यांगजन एवं सशक्तिकरण विभाग, बाल विकास, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, कृषि विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण, जिला पंचायती राज, उद्योग, मत्स्य, पशुपालन, श्रम विभाग, युवा कल्याण, चिकित्सा, डूडा, प्रोवेशन, नेडा सहित समस्त जन कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उक्त मेगा/वृहद विधिक सेवा एवं सहायता शिविर के सफल एवं भव्य आयोजन के दृष्टिगत अपने-अपने विभागों से संबंधित लाभार्थियों को लाभान्वित कराना सुनिश्चित करें एवं विभागीय योजनाओं से संबंधित प्रचार-प्रसार का स्टॉल/कैंप भी लगवाना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विधिक सेवा एवं सहायता शिविर के आयोजन दिवस पर संबंधित विभागों से अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं के लाभार्थियों की सूची की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर विकास व जनकल्याणकारी विभागों से संबंधित अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।
