•संस्कृत भाषा में नाट्य प्रशिक्षण भारतीय सांस्कृतिक परंपरा को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम- मंगला प्रसाद मौर्य
•20 प्रशिक्षु ले रहे हैं संस्कृत नाट्य विधा का प्रशिक्षण
बस्ती: जनपद के पुरैना कटया स्थित आर.के.सी. पब्लिक स्कूल में उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ के सहयोग से युवा विकास समिति, बस्ती द्वारा 15 दिवसीय निःशुल्क संस्कृत नाट्य प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारम्भ मुख्य अतिथि मंगला प्रसाद मौर्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यशाला में 20 प्रशिक्षु संस्कृत नाट्य की विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।




उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि मंगला प्रसाद मौर्य ने कहा कि संस्कृत भाषा में नाट्य प्रशिक्षण भारतीय सांस्कृतिक परंपरा को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। इससे युवाओं को अपनी जड़ों से जुड़ने और शास्त्रीय नाट्य परंपरा को समझने का अवसर मिलता है।
विद्यालय के प्रबंधक संतोष चौधरी ने कहा कि नाट्यशास्त्र भारत की अनमोल विरासत है। लगभग ढाई हजार वर्ष पूर्व संस्कृत में रचित यह ग्रंथ भारतीय कलाओं का विश्वकोश है तथा साहित्यशास्त्र, सौन्दर्यशास्त्र और नाट्यचिंतन का मूलाधार भी है।
राम मूर्ति मिश्र ने कहा कि इस कार्यशाला के माध्यम से युवा रंगकर्मी संस्कृत भाषा में नाट्यशास्त्र का प्रामाणिक परिचय प्राप्त कर अपने प्रयोगों को देश की समृद्ध कला परंपरा से जोड़ सकेंगे। प्रधानाचार्य महेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि भारत के राष्ट्रीय रंगमंच की खोज की दिशा में भी यह कार्यशाला एक महत्वपूर्ण पड़ाव सिद्ध होगी।
अरविन्द सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला नाट्य प्रेमियों, रंगकर्मियों एवं शोधार्थियों में नया उत्साह उत्पन्न करेगी और भविष्य में मील का पत्थर साबित होगी। राम पूरन चौधरी ने कहा कि नाट्यशास्त्र की बारीकियों को समझने का यह एक बड़ा अवसर है। नाट्यशास्त्र में निहित रस, भाव एवं भंगिमाओं का समुचित प्रयोग कलाकार को परिष्कृत एवं पूर्ण बनाता है। यह अभिनय का अनुशासन है।
कार्यक्रम के दौरान संस्कृत भाषा एवं नाट्य विधा के विशेषज्ञों के निर्देशन में प्रशिक्षुओं ने संस्कृत नाट्य अभ्यास का प्रारम्भ किया।
इस अवसर पर सूर्यनाथ यादव, अभिमन्यु सिंह, राम चंदर यादव, कल्पना शुक्ला, अमरनाथ यादव, राम जनक वर्मा, राज कपूर वर्मा, नितेश सिंह, पी.एल. श्रीवास्तव, अजय चौधरी, माधुरी, आंचल चौधरी, सलमा खातून, हर्षिता सिंह, वीरेंद्र कुमार मौर्य, अमित वर्मा, देवेंद्र सिंह, रूचि गुप्ता, स्नेहा पाण्डेय, प्रतिमा यादव, कनिक राम शर्मा, सहज राम यादव, राम तीरथ गुप्ता, बृजेश वर्मा, सोनी विश्वकर्मा, अनुराधा दूबे, शिखा सिंह, अनीशा वर्मा, सुशीला यादव, खुशी सिंह, साधना यादव, अनीता वर्मा, राजकपूर, अखिलेश चौधरी, गौरव मिश्र, इन्द्रावती यादव, मानसी सहित 20 प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
