•निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति एवं बाल वाटिका के समग्र विकास पर दिया गया विशेष जोर।
बस्ती। ब्लॉक रोड स्थित होटल महारानी में जनपद स्तरीय “हमारा आंगन हमारे बच्चे उत्सव” कार्यक्रम का मंगलवार को भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक हर्रैया के प्रतिनिधि पं. सरोज मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तथा मुख्यालय खंड शिक्षा अधिकारी अनिल मिश्रा द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

इस अवसर पर शिक्षिकाओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गरिमामयी बनाया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार ने मुख्य अतिथि का बुके, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया। साथ ही विभिन्न अधिकारियों एवं समन्वयकों का भी स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एसआरजी आशीष श्रीवास्तव एवं नाजिया परवीन ने प्रभावी ढंग से किया। एसआरजी अंगद प्रसाद पांडे ने 3 से 6 वर्ष के बच्चों के समग्र विकास, स्कूल रेडीनेस, सामाजिक-भावनात्मक विकास एवं खेल आधारित शिक्षण में बाल वाटिका की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गतिविधि आधारित शिक्षण बच्चों की सीखने की मजबूत नींव रखता है।
मुख्य अतिथि पं. सरोज मिश्रा ने कहा कि यह उत्सव प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को सुदृढ़ करने की महत्वपूर्ण पहल है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार ने निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के प्रयासों की सराहना की।
उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का सम्मान
प्रत्येक विकासखंड से उत्कृष्ट कार्य करने वाली 15 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, 15 सुपरवाइजर, 15 नोडल शिक्षक, 15 नोडल शिक्षण संकुल, 15 एजुकेटर, 15 शिक्षामित्र एवं पेयरिंग विद्यालयों को मोमेंटो, अंगवस्त्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त थीम पर सराहनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। एजुकेटर दीक्षा चौधरी, प्रांजल पांडे एवं अंजू पांडे द्वारा विद्यालयों में गतिविधि आधारित शिक्षण, टीएलएम के प्रयोग एवं अभिभावक सहभागिता के माध्यम से कार्यक्रम को प्रभावी रूप दिया गया, जो अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणास्रोत बना।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एवं बीएसए द्वारा कार्यक्रम संचालकों को भी शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित किया गया।
आभार ज्ञापन जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) स्वप्निल श्रीवास्तव ने किया। बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
