लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के उत्तरी जोन अंतर्गत थाना जानकीपुरम पुलिस ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से जान से मारने की नियत से फायरिंग करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाइसेंसी रिवॉल्वर, कारतूस और शस्त्र लाइसेंस बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 फरवरी 2026 को वादी गोपाल सिंह निवासी जानकीपुरम गार्डन, लखनऊ ने थाना जानकीपुरम में शिकायत दर्ज कराई कि राजेश गुप्ता नामक व्यक्ति ने गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद के दौरान गाली-गलौज की तथा जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। शिकायत के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 40/2026 धारा 109(1), 352 भारतीय न्याय संहिता के तहत पंजीकृत किया गया और विवेचना उपनिरीक्षक विकास सिंह को सौंपी गई।
जांच के दौरान दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया गया तथा सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। फुटेज में फायरिंग करते हुए व्यक्ति की पहचान राजेश गुप्ता (48 वर्ष) निवासी जानकीपुरम गार्डन, लखनऊ के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर .32 एसएएफ (कानपुर निर्मित), 10 जिंदा कारतूस तथा शस्त्र लाइसेंस प्रस्तुत किया।
पुलिस ने आरोपी को धारा 109(1), 352 भारतीय न्याय संहिता के साथ आर्म्स अधिनियम की धारा 27/30 के तहत गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी में एक लाइसेंसी रिवॉल्वर, 10 केएफ .32 जिंदा कारतूस, 4 जीको .32 जिंदा कारतूस तथा शस्त्र लाइसेंस शामिल है।
गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्यवाही पूर्ण कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों और जनपदों से प्राप्त की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विकास सिंह, उपनिरीक्षक मुकुल आनंद तथा हेड कांस्टेबल सर्वेश कुमार शामिल रहे।
——————
