बस्ती। संतकबीर नगर जनपद के दानोंकुईया निवासी रिजवान पुत्र मो. अजहर ने के.जी.एन. होटल विवाद प्रकरण में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) को पत्र देकर निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
डीआईजी को दिए गए शिकायती पत्र में रिजवान ने उल्लेख किया है कि 14 फरवरी को वह बस्ती जनपद के रूधौली थाना क्षेत्र अंतर्गत कथकपुरवा स्थित के.जी.एन. होटल में भोजन करने गए थे। भोजन के बाद उन्होंने बिल का ऑनलाइन भुगतान कर घर लौट आए। उसी दौरान कुछ अन्य लोगों और होटल मालिक अबूशहमा के बीच कहासुनी एवं विवाद की जानकारी उन्हें बाद में मिली। बताया गया कि उक्त मामले में थाने पर दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई थी और प्रकरण समाप्त मान लिया गया था।
रिजवान का आरोप है कि इसके बावजूद होटल मालिक अबूशहमा ने पुनः उनके और उनके मित्रों के विरुद्ध थाने में प्रार्थना पत्र देकर अनावश्यक रूप से उन्हें विवाद में घसीटने का प्रयास किया है। उनका कहना है कि होटल मालिक फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी दे रहा है तथा यह कहकर ब्लैकमेल कर रहा है कि होटल का बिल बकाया है, जबकि भुगतान ऑनलाइन किया जा चुका है और इसकी रसीद भी उपलब्ध है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और व्यक्तिगत रंजिश के चलते उन्हें झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आशंका जताई है कि कोई अप्रिय घटना भी कराई जा सकती है।
रिजवान ने डीआईजी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
