•विधायक कविंद्र चौधरी ‘अतुल’ ने मेधावियों को किया सम्मानित, विद्यार्थियों ने बांधा समां
बस्ती। गौर विकासखंड अंतर्गत करमिया वसंत लाल जलेबीगंज स्थित ब्राइट एजुकेशनल एकेडमी का वार्षिकोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक कविंद्र चौधरी ‘अतुल’ उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि विद्यालयों के वार्षिकोत्सव छात्रों के लिए महत्वपूर्ण अवसर होते हैं। इससे उन्हें सभ्यता, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों की गहरी समझ मिलती है। उन्होंने मेधावी छात्रों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के प्रबंधक गोविन्द कुमार ने अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए बताया कि विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद के लिए विशाल मैदान की व्यवस्था है तथा विद्यार्थियों की अंग्रेजी बोलने की क्षमता विकसित करने हेतु विशेष इंग्लिश स्पीकिंग कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। विद्यालय प्रतियोगी परीक्षाओं एवं आधुनिक शिक्षा की दिशा में भी बच्चों को प्रेरित कर रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी ई. वीरेंद्र कुमार मिश्र ने की। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है। शिक्षक महासभा के प्रांतीय उपाध्यक्ष रमेशकर पाठक ने भी छात्रों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया।
वार्षिकोत्सव के दौरान रीमा वर्मा, अंशु वर्मा, सनी चौहान, आशी यादव, चंदन, खुशी जायसवाल और दिव्या दुबे सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गीत, नाटक व अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर मनु शुक्ला, प्रतिमा शुक्ला, रोशनी यादव, दया शंकर, साक्षी सिंह, खुशी सिंह, मालती गुप्ता, दुर्गेश राज, सपना गुप्ता सहित अनेक अभिभावक, शिक्षक व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
