•खेल मैदान, पार्क, सड़क व पेयजल योजनाओं पर जोर।
बस्ती। नगर पंचायत गनेशपुर बोर्ड की बैठक गुरुवार को अध्यक्ष सोनमती चौधरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष के बजट पर चर्चा करते हुए खेल मैदान, पार्क, मार्केट, सड़क, नाली, विवाह भवन सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 12 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया।
अध्यक्ष सोनमती चौधरी ने कहा कि गनेशपुर की जनता से किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने समग्र विकास के लिए सभी वार्डों में संतुलित कार्य कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में प्रत्येक वार्ड में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु आरओ प्लांट और नई पानी टंकी निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही निकाय की आय बढ़ाने के लिए तालाबों की नीलामी, दुकान लाइसेंस, भवन मानचित्र स्वीकृति और हाउस टैक्स से राजस्व संग्रह पर भी चर्चा की गई।
अधिशासी अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि बोर्ड में पारित प्रस्तावों को धनराशि उपलब्ध होते ही प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाएगा।
बैठक में सभासद रेशमा देवी, निर्मला देवी, अंकित कुमार, ब्रह्मा प्रसाद, मो. फरहान, इन्द्रजीत यादव, मो. फारूक, सुमन, गणेश कुमार, शिव नारायण, दुर्गेश, पूजा, सुनीता देवी, मधु श्रीवास्तव, मो. मुख्तार सहित अन्य सदस्यों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं रखीं और विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की।
बैठक के सफल आयोजन में दुर्गा प्रसाद चौधरी, मो. आरिफ, रिकूं, विकास, सूरज एवं सुधीर का विशेष योगदान रहा।
